वियतनाम में आयोजित मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली उज्जैन की निकिता पोरवाल टॉप-40 तक ही पहुंच सकीं। हालांकि वह टॉप-20 में जगह नहीं बना पाईं, लेकिन उन्होंने अपनी गरिमा और आत्मविश्वास से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे भारत की निरंतरता का प्रतीक बताया है।
सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक अभियान
प्रतियोगिता के दौरान निकिता ने अपने अभिनय कौशल और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण से विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट माटी’ के जरिए आदिवासी समुदायों के उत्थान का अपना सामाजिक अभियान प्रस्तुत किया और पारंपरिक परिधानों के माध्यम से भारतीय विरासत को वैश्विक पटल पर गर्व के साथ प्रदर्शित किया।