शहडोल में जर्जर सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर कांग्रेस ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर शहर की बदहाल सड़कों के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
दो महीने से अधूरी पड़ी 6 करोड़ की सड़क
शहर के नए बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक छह करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होना है, लेकिन दो महीने से काम बंद होने के कारण राहगीर भारी परेशानी झेल रहे हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे इंदिरा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने निर्माण कार्य में हुई देरी के लिए ठेकेदार और नगर पालिका के इंजीनियरों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।