भोपाल: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे इंटर्न डॉक्टर, पुलिस के साथ झड़प

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: September 7, 2026

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अपनी मांगों को लेकर एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन उग्र हो गया है। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग के साथ मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर रहे डॉक्टरों को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी झड़प और धक्कामुक्की हुई।

स्टाइपेंड में भारी बढ़ोतरी की मांग

प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में केवल 14,337 रुपये का स्टाइपेंड मिलता है, जिसे बढ़ाकर 30,000 रुपये किया जाना चाहिए। छात्रों का आरोप है कि आश्वासन मिलने के डेढ़ महीने बाद भी लिखित आदेश जारी नहीं हुआ, जिसके विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया है।

लिखित आश्वासन पर अड़े डॉक्टर

डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि जब तक मुख्यमंत्री स्वयं आकर स्टाइपेंड वृद्धि का लिखित आदेश नहीं देते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। हमीदिया अस्पताल के बैरिकेड्स तोड़कर सड़क पर उतरे इन डॉक्टरों का दावा है कि मध्यप्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड देश में सबसे कम है।