आज Operation Sindoor पर लोकसभा में चर्चा का दूसरा दिन है और यह चर्चा बेहद गर्म माहौल में चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे इस पर जवाब देंगे। सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ तौर पर कहा था कि अब भारत पाकिस्तान को आतंकी हमलों पर डोजियर नहीं भेजता बल्कि सीधा कार्रवाई करता है। वहीं विपक्ष के नेता गौरव गोगोई ने सरकार पर तथ्यों से बचने का आरोप लगाया।
राज्यसभा में भी तेज होगी बहस की लहर
आज राज्यसभा में भी ऑपरेशन सिंदूर पर बहस की शुरुआत दोपहर 1 बजे से होगी। यहां सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बहस की शुरुआत करेंगे। विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मोर्चा संभालेंगे। इसके अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर और गृहमंत्री अमित शाह भी विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे। प्रधानमंत्री मोदी भी इस बहस में हस्तक्षेप कर सकते हैं। राज्यसभा में इस मुद्दे पर कुल 16 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है।
#WATCH | दिल्ली: भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन में चर्चा पर कहा, "विपक्ष पहले चर्चा की मांग करता है… इसके बावजूद हंगामा, शोरगुल करता है। ये नकारात्मक सोच वाला विपक्ष है। अगर विदेश मंत्री कुछ कह रहे हैं, रक्षा मंत्री कुछ कह रहे हैं, तो आप उस पर हंगामा… pic.twitter.com/3NfFp6uC2F
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 29, 2025
बीजेपी ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष पहले चर्चा की मांग करता है और फिर शोरगुल करता है। उन्होंने कहा कि जब मंत्री जवाब देते हैं तो विपक्ष रुकावट डालता है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष का मकसद सिर्फ संसद को बाधित करना है। दिनेश शर्मा ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी का आज का बयान विपक्ष को पूरी तरह निरुत्तर कर देगा।
है प्रीत जहां की रीत सदा
मैं गीत वहां के गाता हूं
भारत का रहने वाला हूं
भारत की बात सुनाता हूं
Hai preet jahaan ki reet sada
Main geet wahaan ke gaata hoon
Bharat ka rehne waala hoon
Bharat ki baat sunata hoon
– Jai Hind pic.twitter.com/tP5VjiH2aD
— Manish Tewari (@ManishTewari) July 29, 2025
कांग्रेस में अंदरूनी असहमति की झलक
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी का नाम ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करने वालों की सूची में नहीं है। इसको लेकर उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस हाईकमान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने X पर एक खबर साझा की जिसमें लिखा था कि थरूर और मनीष तिवारी ने सरकार के पक्ष में बोल दिया था इसलिए उन्हें चर्चा से बाहर रखा गया। इसके साथ उन्होंने एक गीत की पंक्ति पोस्ट की जिसमें देशभक्ति झलकती है।
अमित शाह और राहुल गांधी की टक्कर संभव
आज दोपहर 12 से 1 बजे के बीच गृहमंत्री अमित शाह भी इस चर्चा में हिस्सा लेंगे। संभावना जताई जा रही है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस बहस में बोल सकते हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की टक्कर बेहद दिलचस्प होगी। जनता की नजरें इस समय संसद की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


