MP NEWS: 1 अगस्त से इंदौर में एक नया नियम लागू हुआ है जिसके तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। यह नियम सड़क सुरक्षा को लेकर उठाया गया कदम है। शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर इसका सख्ती से पालन भी हो रहा है। हालांकि कुछ लोगों को यह नियम रास नहीं आया और उन्होंने इसका विरोध खतरनाक तरीके से किया।
पेट्रोल न मिलने पर किया हमला
Aerodrome थाना क्षेत्र के छोटा बांगड़दा स्थित शुक्ला पेट्रोल पंप पर दो युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचे। जब कर्मचारियों ने हेलमेट न होने की वजह से पेट्रोल देने से मना कर दिया तो युवक भड़क उठे। उनमें से एक ने चाकू निकाल लिया और कर्मचारियों को धमकाने लगा। उसने कहा कि वह जबरन पेट्रोल डलवाएगा और पैसे भी नहीं देगा।

माचिस जलाकर मचाने की कोशिश की आग
हालात तब और गंभीर हो गए जब उनमें से एक युवक ने माचिस जलाई और जलती हुई तीली पेट्रोल टैंक के पास फेंक दी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जैसे ही अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे, दोनों युवक भाग निकले। घटना ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ-साथ वहां मौजूद अन्य लोगों को भी डरा दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एरोड्रम थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार युवकों के खिलाफ BMS की धारा 296, 115(2), 119(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
सुरक्षा नियम तोड़ना पड़ेगा भारी
यह घटना एक चेतावनी है कि अगर कोई भी व्यक्ति सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हेलमेट पहनना केवल कानून नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का भी एक जरिया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे ताकि अन्य लोग इससे सबक ले सकें।


