MP News: मध्य प्रदेश में पिछले चार दिनों तक चली तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब मौसम अचानक बदल गया है। लगातार बदलते मौसम के बाद आसमान साफ होते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री पहुंच गया है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
चार दिनों की बारिश-ओलावृष्टि से ठंडक
प्रदेश के कई जिलों में पिछले चार दिनों तक तेज बारिश और ओलावृष्टि का असर रहा। इसके कारण दिन का तापमान गिर गया था और मौसम ठंडा हो गया था। नर्मदापुरम में 37.7 डिग्री, रायसेन में 37.6 डिग्री, रतलाम में 37.2 डिग्री, खरगोन में 36.0 डिग्री और ग्वालियर में 35.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम साफ होने के साथ ही तापमान फिर बढ़ने लगा है। प्रदेश के लोग अब गर्मी की वापसी महसूस कर रहे हैं और दिन में तेज धूप से सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
इंदौर-उज्जैन और अन्य शहरों में भी बढ़ी गर्मी
इंदौर और उज्जैन में तापमान 33 से 34 डिग्री के बीच पहुंच गया है। जबलपुर, सागर और रीवा में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है और मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अब प्रदेश में धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ेगा और मार्च के अंत तक तापमान और तेज हो सकता है।
अप्रैल-मई में तेज गर्मी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी नजर आएगा। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, लेकिन इसका असर प्रदेश में नहीं रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी इस दौरान गर्म रहेंगे।


