महिला आरक्षक की थाने में हुई गोद भराई, टीआई ने निभाया ये फर्ज

सागर। सागर के मोतीनगर थाने में शुक्रवार रात का नजारा बदला-बदला सा था। थाना परिसर फूलों और गुब्बारों से सजा था। मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दे रही थी। थाने के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक अलग ही भूमिका में थे। मौके था थाने में ही पदस्थ एक महिला आरक्षक की गोद भराई रस्म का। दरअसल, त्योहारी सीजन में अपनी ड्यूटी को अहमियत देने की वजह से वह घर नहीं जा सकी। जिसके बाद थाने में ही उसकी गोद भराई की रस्म निभाई गई।

 

आरक्षक का नाम अर्पणा कटारे है। वह टीकमगढ़ की रहने वाली हैं। पति भोपाल में सर्विस करते हैं। घर नहीं जा पाने के कारण थाने का स्टाफ उसके परिवार की भूमिका में आया। टीआई ने भाई, तो एसआई ने मां का फर्ज निभाया। SI आशिमा गौतम ने गोद भराई की रस्म के लिए सरप्राइज प्लान तैयार किया। अर्पणा की शादी पिछले साल 21 अप्रैल को भोपाल के प्रखर शर्मा से हुई। प्रखर भोपाल में सर्विस करते हैं। इस समय अर्पणा गर्भवती हैं। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस स्टाफ ने तैयारियां पूरी कराईं। शुक्रवार रात अर्पणा का थाने में मायके की तरह वेलकम किया गया। पुलिस थाने में ही आरक्षक अर्पणा को लाल चुनरी ओढ़ाकर बैठाया। पंडित के मंत्रोच्चारण के साथ महिला पुलिसकर्मियों ने रस्मों को पूरा कराया। इस दौरान आशिमा मां बनीं तो थाना प्रभारी मानस द्विवेदी समेत अन्य पुरुषकर्मियों ने भाई का फर्ज निभाया। सभी ने अर्पणा के आंचल में मिठाई, पैसे और फल रखने के साथ गोद भराई की रस्‍म को निभाया।

 

आरक्षक अर्पणा पिछले करीब तीन साल से मोतीनगर थाने में पदस्थ हैं। साथी पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे ड्यूटी के प्रति ईमानदार हैं। सागर में अपने भाई अनिरुद्ध कटारे के साथ मोतीनगर पुलिस थाना परिसर में स्थित आवासीय क्वार्टर में रहती हैं। त्योहार पूरे होने के बाद अब अर्पणा मातृत्व अवकाश पर जाएंगी। गोद भराई रस्म के बाद आरक्षक अर्पणा ने कहा, डिलीवरी का आखिरी समय चल रहा है। ऐसे में स्टाफ ने गोद भराई रस्म करने का निर्णय लिया और मेरी गोद भराई की रस्म कराई। इस कार्यक्रम से परिवार की कमी पूरी हो गई। आगे भी ऐसे कार्यक्रम होते रहे, तो पुलिस विभाग में घर से दूर रहकर ड्यूटी करने वालों को कभी परिवार की कमी महसूस नहीं होगी

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!