प्रदेश में मानसून अलर्ट: इंदौर-जबलपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश की संभावना

Author Picture
By Desk Input Published On: October 18, 2024

भोपाल। बंगाल की खाड़ी में गहरे कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात सक्रिय है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन अलग-अलग मौसम प्रणालियों के संयोजन के कारण मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो रही है।

 

शुक्रवार को भी जबलपुर, इंदौर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। बाकी इलाकों में नमी कम होने के चलते रात का तापमान गिरने लगा है। गुरुवार को राजगढ़, ग्वालियर, नौगांव, खजुराहो और रीवा में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। इसके अलावा, सिवनी में गुरुवार को सुबह से शाम तक 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिणी आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के तट पर गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि उत्तरी लक्षद्वीप और पूर्वी असम के ऊपर चक्रवाती गतिविधियां देखी जा रही हैं। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार तक कमजोर हो सकता है। इस मौसम प्रणाली और राजस्थान पर बने प्रति चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में विपरीत हवाओं का संयोजन हो रहा है, जिससे इंदौर, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में बारिश हो रही है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में रात के तापमान में और गिरावट का अनुमान है।