Dry Fruits: बादाम, काजू, किशमिश, अखरोट, अंजीर और पिस्ता जैसे ड्राय फ्रूट्स को अक्सर सुपरफूड की श्रेणी में रखा जाता है। इनमें प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट्स, विटामिन्स और मिनरल्स की भरपूर मात्रा होती है। ये न सिर्फ शरीर को ऊर्जा देते हैं बल्कि इम्युनिटी को भी मजबूत करते हैं। लेकिन डाइटिशियन डॉ. अनामिका गौर के अनुसार, ये हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होते। कुछ लोगों को इनसे नुकसान भी हो सकता है।
एलर्जी वाले लोग रहें दूर
सबसे पहले उन लोगों को सावधान रहने की ज़रूरत है जिन्हें ड्राय फ्रूट्स से एलर्जी होती है। खासतौर पर काजू, बादाम और अखरोट जैसे नट्स कई लोगों में एलर्जिक रिएक्शन का कारण बन सकते हैं। इनके सेवन से त्वचा पर खुजली, सूजन, सांस लेने में तकलीफ या गंभीर मामलों में एनाफिलैक्सिस जैसी जानलेवा स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के ड्राय फ्रूट्स नहीं खाने चाहिए।

वजन घटा रहे लोगों के लिए खतरे की घंटी
ड्राय फ्रूट्स हेल्दी ज़रूर होते हैं लेकिन इनमें फैट और कैलोरी की मात्रा बहुत अधिक होती है। अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं और एक मुट्ठी से ज्यादा ड्राय फ्रूट्स रोज़ खा रहे हैं तो इससे वजन बढ़ सकता है। खासकर काजू और किशमिश में प्राकृतिक चीनी और कैलोरी की मात्रा ज्यादा होती है जो वजन कम करने की कोशिश में बाधा बन सकती है।
हाई बीपी और हार्ट पेशेंट्स रखें सावधानी
अगर ड्राय फ्रूट्स नमक वाले हैं तो ये हाई ब्लड प्रेशर वाले मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। नमक से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है जिससे दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। ऐसे लोगों को बिना नमक और भुने हुए ड्राय फ्रूट्स कम मात्रा में खाने चाहिए। अतिरिक्त सेवन दिल की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है।
ड्राय फ्रूट्स जैसे किशमिश, अंजीर और खजूर में नैचुरल शुगर होती है जो डायबिटीज के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकती है। इन्हें सीमित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह के बाद ही लेना चाहिए। वहीं, पाचन की समस्या वाले लोग अगर ड्राय फ्रूट्स बिना भिगोए या अधिक मात्रा में खा लें तो गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लोगों को इनका सेवन सीमित मात्रा में और भिगोकर करना चाहिए।


