मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) के वुमन विंग का टीम ड्राफ्ट गुरुवार को ग्वालियर के इम्पीरियल गोल्फ रिसॉर्ट में संपन्न हुआ एमपीएल के संस्थापक और एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी शिखर धवन और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.
कार्यक्रम की शुरुआत एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया के संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि एमपीएल ने मात्र तीसरे वर्ष में ही देश की सबसे बड़ी लीग के रूप में अपनी पहचान बना ली है.
अब यह लीग देश की सबसे सफल लीगों में भी शामिल है। उनका कहना था कि आज एमपीएल खिलाड़ी आईपीएल और अन्य बड़ी लीगों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने एमपीएल वुमन टीमों के पांचों मालिकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे पूरे मध्य प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ग्वालियर में आयोजित एक कार्यक्रम में शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी धवन के साथ पहुंचे। अपने भाषण में उन्होंने वन हाई परफॉर्मेंस सेंटर की स्थापना और एमपीएल वुमन टीम ड्राफ्ट के अवसर पर मध्य प्रदेश के क्रिकेट में एक उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने महाआर्यमन सिंधिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश क्रिकेट में पिछले 23 वर्षों में काफी सुधार हुआ है। एमपीएल की शुरुआत से उसने राज्य के खिलाड़ियों को एक व्यापक मंच दिया है।
सबा करीम पूर्व भारतीय क्रिकेटर चयनकर्ता कोच और ब्रॉडकास्टर ने वुमन स्टेट लीग में उत्साह देखकर खुशी जताई। उन्होंने महाआर्यमन सिंधिया को शुभकामनाएं दीं और माधवराव सिंधिया को भी स्मरण किया। उनका कहना था कि उनके कार्यकाल के दौरान बीसीसीआई में बहुत कुछ अच्छा हुआ और आज भारतीय क्रिकेट जिस स्तर पर है उसमें उनका बड़ा योगदान है।


