शादी से पहले मांगा लाखों का दहेज, दुल्हन के पिता ने कॉन्स्टेबल पति, सास- ससुर सहित 5 पर कराया मामला दर्ज

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: August 31, 2021

ग्वालियर। शहर की हजीरा थाना पुलिस ने यूपी में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ एक युवक और उसके पिता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। इस युवक की ग्वालियर के गंगा विहार कॉलोनी में रहने वाली लड़की से 21 नवंबर को शादी होने वाली थी, लेकिन इससे पहले लड़का सुनील सिसोदिया और उसका पिता बहादुर सिंह 15 लाख रुपए और एक बोलेरो जीप दहेज के रूप में लेने के लिए अड़ गए थे। लड़की के पिता ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन वे अपनी मांग से टस से मस नहीं हुए, तब लड़की के पिता की शिकायत पर  पुलिस ने इस मामले में युवती के होने वाले पति ससुर सास सहित 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

दरअसल गंगा विहार में एक युवती रहती है उसकी शादी यूपी में पदस्थ सुनील सिसोदिया के साथ जनवरी 2021 में तय की गई थी। युवक मूल रूप से फतेहपुर सीकरी का रहने वाला है। 15 मार्च को राजस्थान के धौलपुर में गोद भराई की रस्म भी हुई थी। जिसमें लड़की पक्ष ने करीब सवा लाख रुपए सोने की चेन कपड़े सहित अन्य सामान दिया था। खास बात यह है, कि 21 नवंबर की शादी के मद्देनजर ग्वालियर में मैरिज गार्डन, हलवाई भी तय किए जा चुके थे। यहां तक कि कार्ड भी छपने को दे दिए गए थे। लेकिन इसी बीच बहादुर सिंह सिसोदिया 3 दिन पहले ग्वालियर आया और लड़की के पिता से मिलकर बोला, कि उनका बेटा अभी कॉन्स्टेबल है, आगे चलकर दरोगा भी बनेगा। उनके बेटे के लिए कई अच्छे रिश्ते आ रहे हैं। जो उन्हें काफी दहेज देने की बात कह रहे हैं। इस पर लड़की के पिता ने 15 लाख रुपए और एक जीप देने में असमर्थता व्यक्त कर दी। इसके बाद लड़की के पिता ने यूपी में पदस्थ कांस्टेबल और उसके पिता के अलावा ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है।