SDO के लॉकर ने उगले 14 लाख के जेवरात, EOW ने 6 खाते किए सीज

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: July 12, 2021

धर्मेंद्र शर्मा, ग्वालियर। शहर में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रविंद्र सिंह कुशवाह के बैंक खाते और लॉकर को खंगालने आज ईओडब्ल्यू की टीम सिटी सेंटर स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंची है। वह एसडीओ रविंद्र सिंह कुशवाहा को भी अपने साथ लेकर गई। जहां रविंद्र सिंह कुशवाहा के बैंक लॉकर को खोला गया, तो उसमें से लगभग 14 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। वही ग्वालियर शहर की अलग-अलग बैंकों में 6 बैंक अकाउंट को भी फ्रीज कराया गया है और बैंक प्रबंधन से अकाउंट ट्रांजेक्शन की जानकारी ईओडब्ल्यू द्वारा मांगी गई है।

जानकारी के अनुसार एसडीओ रविंद्र सिंह कुशवाह की बेनामी संपत्ति को लेकर शिकायत मिली थी। जिसके आधार पर टीम द्वारा रेड मारकर बीते शुक्रवार को कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान डबरा, ग्वालियर और प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई अन्य स्थानों पर मकान प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज मिले थे। वहीं लगभग साढ़े तीन लाख नगद और सोने चांदी के आभूषण घर से भी बरामद हुए थे। ऐसे में अभी तक ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के दौरान लगभग 20 करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति की जानकारी हाथ लगी है। वहीं जैसे ही अन्य बैंक अकाउंट की जानकारी बैंक प्रबंधन द्वारा ईओडब्ल्यू को दी जाएगी। वैसे ही इस जांच के अन्य पहलुओं पर से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल ईओडब्ल्यू इस मामले की जांच में जुटी हुई है।