घर में घुसी लोमड़ी, तीन लोगों को बनाया अपना शिकार

Author Picture
By Desk Input Published On: November 25, 2024

सतना। परसमनिया पहाड़ से सटे मल्हान गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक लोमड़ी ने घरों में घुसकर तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीनों लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

यह घटना मध्य प्रदेश के सतना जिले के परसमनिया पहाड़ क्षेत्र की है। मल्हान गांव में लोमड़ी ने घर में घुसकर अचानक तीन लोगों पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डंडों से लोमड़ी को खदेड़ दिया। इसके बाद लोमड़ी गांव से बाहर भाग गई। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है।

हमले में मल्हान के प्रहलाद सिंह, मोनू सिंह गोंड और आलमपुर के शुभकरण पटेल (पिता राजकिशोर पटेल) घायल हुए हैं। तीनों घायलों का इलाज उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।

घायल प्रहलाद पटेल ने बताया कि लोमड़ी ने उनके घर के आंगन में आकर हमला किया। उनकी चीख सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और लोमड़ी को डंडों से खदेड़कर भगाया। लोमड़ी के हमले के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में वन्यजीवों के घरों में घुसकर हमला करने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले राजगढ़ के ब्यावरा क्षेत्र में एक तेंदुए ने घर में घुसकर एक महिला पर हमला किया था। वहीं, 9 नवंबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में भी तेंदुए ने घर में घुसकर एक महिला पर हमला किया था।