कृषि मंत्री कमल पटेल ने दिग्विजय सिंह-कमलनाथ से कहा दोनों नेता सठिया गए हैं

Author Picture
By Sharma Published On: May 25, 2023

इंदौर। बुधवार को इंदौर आए कृषि मंत्री कमल पटेल ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह और कमलनाथ को बुढ़ऊ कहा। बोले- अब बुढ़ापे में इन लोगों ने मानसिक संतुलन खो दिया है। इनकी बात का कोई असर नहीं और ये जितना बोलेंगे, जितना घुमेंगे उतना कांग्रेस को नुकसान होगा।

 

इन लोगों ने पिछली बार झूठ बोल-बोल कर जनता को ठग लिया था। ये ठग नाथ के चक्कर में जनता आने वाली नहीं है। अब जनता इनसे कहेगी चलो-चलो, बहुत बेवकूफ बन गए, अब नहीं बनने वाले। इससे पहले भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी कांग्रेस के दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं।

 

दरअसल, बुधवार को एक कार्यक्रम के सिलसिले में कृषि मंत्री कमल पटेल इंदौर आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा की और सवालों के जवाब दिए। उनसे पूछा गया कि दिग्विजय सिंह का कहना है कि दो हजार का नोट बंद ही करना था तो इसे शुरू ही क्यों किया?

 

इसके जवाब में मंत्री पटेल ने कहा कि “दिग्विजय सिंह क्या कहते हैं, क्या नहीं, ये खुद उन्हें समझ नहीं आता। वो तो सठिया गए हैं। बुढ़ापा आ गया है। कमलनाथ भी सठिया गए हैं। कमलनाथजी राजीव गांधीजी की पुण्यतिथि को कह रहे हैं कि शुभ दिन है। जिस दिन उनकी हत्या हुई।

 

पिछले दिनों भोपाल में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान दिया था, जिसमें उन्‍होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रदेश के दोनों पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को 75-75 साल का बुढ़ऊ कहा था।