बुआ ने भतीजे पर चाकू से किया हमला, हालत गंभीर

Author Picture
By Sharma Published On: May 22, 2022

भोपाल।हनुमानगंज थाना इलाके में शनिवार को ने अपने नाबालिग भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया। इससे भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला की मां का निधन हो गया था। इसी सिलसिले में उसका अपने भाई से विवाद हो गया था। इसी वजह से बदला लेने के लिए महिला ने भाई के बेटे को चाकू से गोद दिया। वहीं स्वजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी थी। आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक काजीकैंप निवासी 47 वर्षीय आसमा उर्फ परवीन पिता सैयद अफसर अली इलाके में रहती है। शनिवार तड़के चार बजे उसकी मां अनीसा का निधन हो गया था। इससे घर में मातम पसरा हुआ था। इसी बीच आसमा परबीन ने झांसी में रहने वाले अपने भाई रौनक अली को फोन कर मां के निधन की सूचना दी। इसी दौरान रौनक और आसमा के बीच फोन पर ही विवाद हो गया। मां के निधन पर भाई रौनक नहीं आया। इस वजह से आसमा गुस्से में आ गई।

यहां रौनक का 10 वर्षीय बेटा अहान मौजूद था। जिसे देख वह और भड़क गई। इसी बीच सुबह साढ़े छह बजे आसमा परबीन ने चाकू से से अहान पर लगातार वार कर दिए। इससे वह मासूम लहूलुहान हो गया। वहां मौजूद अन्य रिश्तेदारों ने घायल बालक को बचाया और उसे अस्पताल लेकर पुहंचे। जहां अहान का उपचार शुरू कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास और बाल अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।