सीएम शिवराज का बड़ा ऐलान, स्कूलों में अनिवार्य की जाएगी योग शिक्षा

Author Picture
By Sharma Published On: June 21, 2023

जबलपुर। सीएम शिवराज ने कहा है राज्य के स्कूलों में योग शिक्षा अनिवार्य की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में शिवराज ने यह घोषणा की। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ रहना भी देश की सेवा है। योग लोगों को जोड़ता है। योग करें और निरोग रहें। योग केवल योग दिवस के लिए नहीं करना. बल्कि रोजाना करना है।

 

अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि योग जीरो बजट वाला हेल्थ इंश्योरेंस है। हींग लगे ना फिटकरी और रंग चोखा आए, यही योग का मूलमंत्र है। यह किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए है। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि आजकल के बच्चे पिज्जा के साथ कोल्ड ड्रिंक पीते हैं। तैलीय पदार्थ और तीखे भोजन से जितना दूर रहें, स्वास्थ्य के लिए उतना ही अच्छा है। योग के साथ सात्विक भोजन भी आवश्यक है।

 

जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार, इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जल शक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद पटेल और शिवराज कैबिनेट के कई मंत्री भी शामिल हुए। खास बात यह कि कार्यक्रम में मोटू-पतलू और अन्य कार्टून कैरेक्टर के रूप में भी लोग योग करने पहुंचे। शहर में कुल 304 जगहों पर योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुए।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस मौके पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में नई जेल में योग किया। राजधानी के अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद साध्वी प्रज्ञा शामिल हुईं।