शिवराज सरकार की बड़ी घोषणा, सरकार बनाई लोगों के घर

Author Picture
By Sharma Published On: April 15, 2022

भोपाल। खरगोन दंगे में जिन लोगों के घर जले हैं, उनके घर सरकार बनाएगी। जिन्होंने घर जलाए हैं, उनसे ही वसूली की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में डा. आंबेडकर जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हनुमान जन्मोत्सव, गुड फ्राइडे, ईद जैसे त्योहार प्रेम व भाईचारे से मनाइए। किसी भी जात, पात, धर्म के लोगों कोे घबराने की जरूरत नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार सभी को सम्मान और सुरक्षा देगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खरगोन में गरीबों के घर जल गए। इसमें अनुसूचित जाति के लोग भी थे। जिन्होंने घर जलाए, उन पर कार्रवाई हो रही है तो दिग्विजय सिंह को दर्द होता है। वे झूठे फोटो पोस्ट कर रहे हैं। वे प्रदेश में आग लगाना चाहते हैं। लोगों को भड़का कर शांति भंग करना चाहते हैं।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए चिंतित न हो। किसी ने दंगा फैलाया तो मैं छोडूंगा नहीं। दंगाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता के लिए हमारी सरकार फूल से ज्यादा कोमल है, लेकिन जो दुष्ट, बदमाश और गुंडे हैं, वे सोच लें, बचेंगे नहीं।

 

आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के प्रमुख असदुद्दीन औवेसी द्वारा खरगोन दंगे के बाद की जा रही कार्रवाई को लेकर सरकार पर टिप्पणी करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वहीं से चिल्ला रहे हैं। मध्य प्रदेश में ये हो रहा है, आके तो देख भैया। ये मेरा मध्य प्रदेश है, यहां सब सुरक्षित हैं। किसी जाति और धर्म के हों, गड़बड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।