BJP को बड़ा झटका, पूर्व विधायक के बेटे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस में होने जा रहे शामिल

Author Picture
By Sharma Published On: March 22, 2023

अशोकनगर। अशोकनगर की राजनीति में विगत दिनों से हलचल मची हुई थी इसी हलचल के बीच भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। भाजपा के कद्दावर नेता पूर्व विधायक स्वर्गीय देशराज सिंह यादव के पुत्र यादवेंद्र सिंह बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता लेने के लिए भोपाल रवाना हो गए हैं। उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता सदस्यता लेंगे। सुबह के समय बड़ी संख्या में वाहनों वाहनों के काफिला के साथ भोपाल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के लिए रवाना हो गए हैं।

 

 

मीडिया के सवाल पर जिला पंचायत सदस्य राव यादवेंद्र सिंह ने बताया कि जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी में आए हैं तब से उनकी व उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों की लगातार उपेक्षा हो रही है। साथ ही जनता के बीच भी कोई काम नहीं हुआ है। जिसके कारण वह बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार वह 2 सालों से अपने और अपने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा झेलते चले आ रहे हैं।

 

सिंधिया परिवार हमेशा से ही गुना सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ता आ रहा है। माधवराव सिंधिया का आखिरी चुनाव व ज्योतिरादित्य सिंधिया का पहले चुनाव के प्रतिद्वंदी स्वर्गीय देशराज सिंह यादव रहे थे। सिंधिया परिवार दोनों चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, जबकि देशराज सिंह बीजेपी के टिकट पर लोकसभा लड़े थे।

 

जिले में कई दफा ऐसे मामले आए जब ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ देशराज सिंह जमकर बरसते यही कारण रहा कि दोनों की राजनीतिक दुश्मनी मानी जाती थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि पिता की राजनीतिक दुश्मनी के चलते राव परिवार में उनके बेटे के साथ पार्टी में उपेक्षा हुई। परिवार का यह रहा राजनीतिक सफर:राव परिवार को राजनीतिक प्रतिष्ठित परिवार माना जाता है। अशोकनगर जिला बनने से पहले और बाद में जिले में भाजपा को स्थापित करने में स्वर्गीय देशराज सिंह यादव का बड़ा योगदान रहा है। वह जिले में दिग्गज नेता के नाम से जाने गए।

 

वह तीन बार विधायक चुने गए और 2 बार सिंधिया के खिलाफ सांसद का चुनाव लड़ा था । 1990 में पहली बार विधायक चुने गए थे, सन 1998 में दूसरी बार विधायक चुने गए और 2008 में उन्हें तीसरी बार विधायक चुना गया वह 6 बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके थे दो बार उन्हें लोकसभा का चुनाव भी भाजपा के टिकट पर लड़ने का मौका मिला। उनकी पत्नी बाईसाहब यादव जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं हैं यादवेंद्र सिंह यादव जिला पंचायत उपाध्यक्ष रह चुके हैं उनकी छोटी बहू रीना यादव जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं वर्तमान में पूर्व मंडी अध्यक्ष अजय सिंह यादव राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त जनप्रतिनिधि है।