कांग्रेस में बड़ा बदलाव, अब ये होंगे एमपी कांग्रेस के प्रभारी महासचिव

Author Picture
By Sharma Published On: December 24, 2023

भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में संगठन स्तर पर परिवर्तन की कवायद चल रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के बाद अब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी हटा दिया। उनके स्थान पर राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह को प्रभारी बनाया है। सिंह विधानसभा चुनाव की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष थे। विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने जेपी अग्रवाल को हटाकर राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को प्रदेश का प्रभारी बनाया था। इसके पहले वे कर्नाटक के प्रभारी थे। वहां कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश भेजा गया था।

 

उनकी देखरेख में पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ी, पर उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से संगठन स्तर पर परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही थीं। केंद्रीय संगठन ने पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के स्थान पर जीतू पटवारी को अध्यक्ष, उमंग सिंघार को विधायक दल का नेता और हेमंत कटारे को उप नेता नियुक्त किया। अब पार्टी ने प्रदेश प्रभारी बदलकर संकेत दे दिए हैं कि संगठन को नए सिरे से आगामी चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा। जितेंद्र सिंह को असम के साथ-साथ मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि पटवारी को फ्री-हैंड मिलेगा।

 

यद्यपि, अभी उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ जिला इकाइयों को यथावत काम करते रहने के निर्देश दिए हैं। जितेंद्र सिंह राजस्थान के अलवर से सांसद रहे हैं और उन्हें राहुल गांधी का भरोसेमंद माना जाता है। इसी कारण उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन करने वाली स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था।