विद्युत वितरण कंपनी का बड़ा फैसला,उपभोक्ताओं को इतने यूनिट में मिलेगी बिजली

Author Picture
By Sharma Published On: January 25, 2022

इंदौर। बिजली कंपनी राज्य शासन की लोकप्रिय गृह ज्योति योजना का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। एक माह के दौरान 34 लाख 54 हजार उपभोक्ताओं एक रुपये यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई गई है। इन पात्र उपभोक्ताओं को प्रथम 100 यूनिट तक बिजली एक रुपये यूनिट की दर से प्रदान की गई है। इससे शासन की ओर से उपभोक्ताओं को लगभग 137 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।

 

मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने बताया शासन के निर्देशानुसार गृह ज्योति यानि सस्ती बिजली योजना का नियमानुसार प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। एक माह के दौरान इस योजना से 34 लाख 54 हजार उपभोक्ता लाभान्वित हुए है। प्रत्येक उपभोक्ता को 300 से 515 रुपये की सब्सिडी प्रदान दी गई है। कंपनी क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं को 137 करोड़ रुपये के लगभग सब्सिडी मुहैया कराई गई है। इन 34.54 लाख उपभोक्ताओं के एक माह के खपत बिल मात्र 100 से 400 रूपए तक प्रदान किए गए है।

 

तोमर ने बताया कि 15 जिलों में सबसे ज्यादा इंदौर जिले में लगभग पौने चार लाख उपभोक्ताओं को लाभ दिया गया है। कंपनी क्षेत्र के धार, देवास, बड़वानी, खरगोन, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन आदि जिलों में भी सवा दो लाख से ज्यादा उपभोक्ता लाभान्वित हुए है। अन्य जिले में भी एक लाख से पौने दो लाख उपभोक्ताओं को पात्रतानुसार एक रुपये यूनिट की दर से 100 यूनिट तक बिजली प्रदान की गई है।

 

प्रबंध निदेशक तोमर ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन में दैनिक पांच यूनिट खपत की पात्रता आती है, तीस दिन में 150 यूनिट से ज्यादा खपत आने पर माह विशेष के लिए पात्रता समाप्त हो जाती है। प्रबंध निदेशक ने बताया कि ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार कंपनी के कर्मचारी, अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं से योजना लाभ के संबंध में फीडबैक भी लिया जा रहा है।