स्मार्ट सिटी में भाजपा महिला मोर्चा शुरू करेगा ये अभियान

Author Picture
By Sharma Published On: December 26, 2023

भोपाल। विधानसभा में भाजपा की बड़ी जीत की वजह मोर्चा और प्रकोष्ठों द्वारा अपने-अपने लक्षित वर्ग को साधने के लिए किए प्रयास भी रहे। चुनाव में भाजपा को 230 में से 163 सीटें मिलने से उत्साहित मोर्चा-प्रकोष्ठों ने नए अभियानों और कार्यक्रमों के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

 

महिला मोर्चा प्रदेश की सभी स्मार्ट सिटी में प्रबुद्ध वर्ग की महिलाएं जैसे डाक्टर, इंजीनियर, प्राध्यापक, विज्ञानी को पार्टी से जोड़ने के लिए स्मार्ट वूमेन अभियान शुरू करने जा रहा है। बता दें कि प्रदेश में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सतना, सागर और उज्जैन स्मार्ट सिटी हैं।

 

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने बताया कि पार्टी से अभी प्रबुद्ध वर्ग की जो महिलाएं जुड़ी हैं, उनके माध्यम से इसी श्रेणी की अन्य महिलाओं को जोड़ने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम किए जाएंगे। स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के सम्मेलन भी मोर्चा कराने जा रहा है।

 

विधानसभा चुनाव के पहले पार्टी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की महिला हितग्राहियों को अपने पक्ष में करने के लिए उनसे संपर्क, बातचीत के बाद सेल्फी खींचकर मोदी एप पर अपलोड करने का अभियान शुरू किया था। अब तक एक लाख हितग्राहियों के साथ महिला मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों की सेल्फी मोदी एप पर अपलोड हो चुकी हैं। मार्च के पहले डेढ़ लाख और हितग्राहियों से संपर्क कर उनके साथ की सेल्फी अपलोड की जाएगी। इसके अलावा कमल मित्र अभियान की गति भी मोर्चा बढ़ाने जा रहा है। इसमें महिलाओं को केंद्र सरकार की 15 योजनाओं की जानकारी देने के बाद परीक्षा ली जाएगी कि उन्होंने कितना समझा। पास होने पर उन्हें प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। बाद में यह महिलाएं अन्य को योजनाओं की जानकारी देंगी।