प्रेमी ने प्रेमिका से 10 महीने तक किया रेप, रोज-डे पर घर से निकाला

Author Picture
By Sharma Published On: February 14, 2022

धार। धार जिले में लिव इन में रह रही लड़की से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने वैलेंटाइन वीक के पहले दिन रोज डे पर उसे घर से निकाल दिया। दोनों करीब दस महीनों से साथ रह रहे थे। प्रताड़ित 21 साल की लड़की ने अब थाने में लिव इन पार्टनर की शिकायत कर दी है। पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बलात्कार का ये मामला बाग थाना इलाके का है. पुलिस ने बताया कि 21 साल की लड़की ने थाने में आकर उसके लिव इन पार्टनर के खिलाफ शिकायत की है। लड़की अखाड़ा गांव की रहने वाली है। उसका गांव के ही सीताराम से अफेयर चल रहा था। दोनों के संबंध पिछले 7 सालों से थे। पुलिस ने बताया कि लड़की गांव से पढ़ाई करने बाग पहुंची। उसने शासकीय कॉलेज से बीए करने के लिए एडमिशन लिया। उसने बताया कि सीताराम ने उसे साल 2021 की 10 मई को रात में फोन करके अपने कमरे पर बुलाया और शादी का झांसा दिया। उसने झांसे में लेकर लड़की का रेप किया। इतना ही नहीं, उसके बाद सीताराम उसे लेकर कुक्षी चल गया।

कुक्षी में आरोपी ने लड़की को दस महीने तक अपने साथ ही रखा और शादी के नाम पर लगातार बलात्कार करता रहा। लड़की ने जब आरोपी से शादी की बात की तो उसने वैलेंटाइन वीक के पहले दिन रोज डे पर न केवल शादी से इनकार किया, बल्कि घर से भी निकाल दिया। इसके बाद युवती अपनी बहन के पास गई और सारी बात बताई. घटना की जानकारी लगते ही बहन और परिजन युवती को थाने लाए और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने गंभीर धाराओं में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है।