मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए ग्रामीणों को लेकर आ रही बस पलटी, तीन की मौत

Author Picture
By Sharma Published On: May 24, 2023

उमरिया। नेशनल हाईवे ओवर ब्रिज के ऊपर टायर फटने के चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से 5 किमी पहले हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्‍य ग्रामीण घायल हो गए हैं। घायलों को उमरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 5 की हालत गंभीर बताई जाती है। इस हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सड़क पर लगे जाम को खुलवाने का प्रयास करती रही। कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी ने पुष्टि की है कि घटना में 3 लोगों की मौत हुई है आठ लोग उमरिया जिला अस्पताल में भर्ती है। कुछ लोगों को जबलपुर रेफर किया गया है।

 

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए ला रही थी ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए लोगों को बस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लेकर जा रही थी। हादसे के कारण क़ई अन्य वाहन चालक जाम के कारण फंसे रहे। दुर्घटनाग्रस्त बस का टायर फट गया था, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। कई लोग घायल हुए हैं जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई गई है। सभी को उमरिया जिला अस्पताल भेजा गया है। काफी मशक्‍कत के बाद पुलिस और स्‍थानीय लोगों ने प्रयास करके बस को हटाया जिसके बाद जाम में फंसे वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगे।