मौसम का बदला मिजाज, इन जिलों में गरज चमक के साथ बारिश के आसार

Author Picture
By Sharma Published On: May 17, 2023

भोपाल। हवाओं के साथ अरब सागर से लगातार आ रही नमी के कारण मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में एक बार फिर बादल छा रहे हैं। साथ ही दोपहर के बाद तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है। इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रायसेन में 14, दमोह में दो, भोपाल (शहर) में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। दतिया, मलाजखंड, सागर, मंडला, जबलपुर, नौगांव में तेज हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार-गुरुवार को भी शाम के समय भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं आंधी चलने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी अफगानिस्तान और उसने आसपास सक्रिय हो गया है। हालांकि कमजोर रहने के कारण इन दोनों मौसम प्रणालियों का मध्य प्रदेश के मौसम पर विशेष असर नहीं हो रहा है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में अरब सागर में एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसकी वजह से मध्य प्रदेश में हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ लगातार नमी आने के कारण राजधानी सहित मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छा रहे हैं। इस वजह से दिन के तापमान में गिरावट हो रही है। इस वजह से पिछले तीन दिनों से प्रदेश में कहीं भी लू नहीं रही। शुक्ला के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक इस तरह की स्थिति बनी रह सकती है।