मुख्यमंत्री ने अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, डाक्टरों को दिए ये निर्देश

Author Picture
By Sharma Published On: December 21, 2023

भोपाल। शहर के ईदगाह हिल्स में स्थित जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल का मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने बुधवार रात 11 बजे औचक निरीक्षण किया। यहां मरीज एवं स्वजनों का हालचाल जाना तो वहीं विश्रामालय में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। बता दें कि तीन दिन में दूसरी बार मुख्यमंत्री किसी अस्पताल में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। विगत सोमवार को ही उन्होंने हमीदिया अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था जहां मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए डाक्टरों को निर्देश भी दिए थे।

 

 

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव बुधवार रात करीब 11 बजे ईदगाह हिल्स स्थित जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल पहुंचे। यहां स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और डाक्टरों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश भी दिए। यहां उन्होंने कैंसर के विभिन्न प्रकारों से जूझ रहे रोगियों को ढाढस भी बंधाया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद वह अस्पताल के विश्रामालय पहुंचे और नागरिकों से मिले। इस दौरान विश्राम कर रहे निर्धन वर्ग के लोगों, श्रमिकों से बातचीत की और उन्हें ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए।

 

ललितपुर उत्तरप्रदेश के विनोद कुशवाहा, मैहर की लल्ली कुशवाहा, पन्ना की चाहना राय और बीना की गुलाबबाई से चर्चा कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उपस्थित डाक्टरों से रोगियों के बेहतर उपचार के लिए चर्चा की। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने वाजपेयी कालोनी में नगर निगम द्वारा संचालित सामुदायिक आश्रय स्थल का भी निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।