सीएम शिवराज पत्नी साधना सिंह के साथ पहुंचे 56 दुकान, फिर हुआ ये

Author Picture
By Sharma Published On: May 30, 2022

इंदौर। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को इंदौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अगवानी की। भाजपा कार्यालय में बैठक ली। इसके बाद वे 56 दुकान पहुंचे और व्यंजनों का लुत्फ उठाया। उन्होंने यहां पत्नी साधना सिंह के साथ पावभाजी भी खाई। इसके बाद वे लालबाग में चल रहे मालवा उत्सव में पहुंचे और नगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

 

 

मुख्यमंत्री रात को जब 56 दुकान पहुंचे तो लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावडा, मनोज पटेल, सावन सोनकर मौजूद रहे।वे करीब आधे घंटे 56 दुकान में रहे। इस दौरान उन्होंने जनता का अभिवादन किया। फिर लालबाग के लिए रवाना हुए। लोग उनकी फोटो और वीडियो लेने के काफी संख्या में जमा हो गए। इस पर उन्होंने कार में खड़े-खड़े फिर अभिवादन किया और रवाना हो गए।

 

 

कार्यकर्ताओं से मिलने का मौका नहीं छोड़ सकते

भाजपा नगर और ग्रामीण की संयुक्त बैठक हुई। इसमें आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा नगर और ग्रामीण के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इंदौर के कार्यकर्ताओं से मिलने का मौका नहीं छोड़ सकते। इंदौर के विकास में भाजपा का महत्वपूर्ण योगदान है और सभी कार्यकर्ताओं को आगे भी संकल्प लेना है कि इंदौर और भाजपा का यह स्थान बना रहे। उन्होंने हर वार्ड में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों के सम्मेलन करने को कहा। इसके बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी जरूरी है। इंदौर महानगर का जो स्वरूप है, वो भाजपा की नगर निगम, प्रदेश सरकार ने बनाया है। इंदौर आने वाले 10 साल में बेंगलुरु और हैदराबाद को पीछे छोड़ देगा। इसके लिए जरूरी है भाजपा की नगर निगम व मेयर बने। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए भाजपा का कार्यकर्ता तैयार है।