MP में जारी है कड़ाके की ठंड का कहर, इन जिलों में चलेगी शीतलहर

Author Picture
By Sharma Published On: December 30, 2021

भोपाल। मध्यप्रदेश में ओले-बारिश के बाद अब कोहरा मुसीबत बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। रतलाम और टीकमगढ़ में 50 मीटर के बाद कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। रात का पारा 5 डिग्री तक लुढ़क गया। तापमान के नीचे आने से ठंड बढ़ गई। एक सप्ताह तक इसी तरह ठंडक रहेगी। अभी रात का पारा और नीचे आएगा। दिन में तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठंड लगेगी। दिन में अधिकतम पारा 20 से लेकर 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। प्रदेश के 21 जिलों में दो दिन तक शीतलहर चलेगी।

 

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जेडी मिश्रा ने बताया कि 4 जनवरी तक इसी तरह ठंड रहेगी। छह जनवरी के बाद फिर से बारिश होने की संभावना है। ऐसे में दिन के तापमान नीचे आएंगे। रात को पारा कुछ बढ़ सकते हैं।

 

प्रदेश में अगले एक सप्ताह रात के तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आएगा। प्रदेश में बीती रात अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 के नीचे आ गया। इंदौर, होशंगाबाद, खंडवा, खरगोन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, रीवा, सतना, सीधी और उमरिया में यह 10 डिग्री से ज्यादा रहा। प्रदेश में औसत तापमान 7-9 डिग्री के बीच में रहेगा।

 

 

बीते चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश कुछ इलाकों में बारिश हुई। अनूपपुर के वेंकटनगर में 1.5 इंच पानी गिरा। पचमढ़ी, अनूपपुर के जैतहरी, जबलपुर के पनागर, बरेला, सिटी, उमरिया में सिटी, शहडोल के जयसिंहनगर, सिंगरौली के माड़ा, सिटी, अमरकंटक और बांधवगढ़ में बारिश हुई।

 

 

ठंड के साथ अब प्रदेश में बीते चौबीस घंटे के साथ घना कोहरा रहा। सबसे ज्यादा कोहरा रतलाम और टीकमगढ़ में रहा। यहां पर दृश्यता 50 मीटर तक रह गई। ग्वालियर-छतरपुर-सागर में 200-200 मीटर, जबलपुर में 300 मीटर, भोपाल में 350 मीटर और दतिया, खजुराहो और दमोह में 500-500 मीटर रह गई। प्रदेश के कई इलाकों में अभी सुबह और शाम को कोहरा रहेगा।