कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन, सरकार पर लगाए ये आरोप

Author Picture
By Sharma Published On: July 14, 2023

सागर। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले सागर शहर में कांग्रेस पार्टी सक्रिय होती नजर आ रही है। कांग्रेस चुनाव के पहले भ्रष्टाचार का मुद्दा बनाकर सरकार, उनके मंत्री और विधायकों के खिलाफ मोर्चा खोलकर घेरने में जुटी हुई है। सागर शहर की शान लाखा बंजारा झील को लेकर शहर कांग्रेस ने जल सत्याग्रह किया और इसकी दुर्दशा का जिम्मेवार जिले के तीनों मंत्रियों, विधायक और सांसद को बताया। साथ ही मंत्रियों से इस्तीफे की मांग की।

 

 

शहर कांग्रेस के द्वारा तालाब में उतरकर लाखा बंजारा की मूर्ति के नीचे अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने बताया कि जिस झील को भरने के लिए लाखा बंजारा ने अपने बेटे और बहू की बलि दे दी थी। उस लाखा बंजारा झील के काम में लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है। इसी को लेकर आज हम लोगों ने अर्धनग्न प्रदर्शन प्रशासन, विधायक और मंत्रियों को जगाने के लिए किया है।

 

 

उन्होंने कहा, आज हम लोग तालाब में घुसे हैं। शहर में घर-घर जाकर लोगों को बताएंगे कि तालाब में स्मार्ट सिटी में इन लोगों ने कितना भ्रष्टाचार किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तालाब की खुदाई, सफाई और घाटों के काम में भ्रष्टाचार हुआ है। इसमें कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वे शहर के 48 वार्डों के घर-घर जाकर लोगों को इस भ्रष्टाचार के बारे में बताएंगे।