15 हजार रुपए उधारी नहीं देने पर हुआ विवाद, चाकू से की हत्या

Author Picture
By Sharma Published On: March 22, 2023

भोपाल। शाहजहांनाबाद इलाके में बच्चों के बीच हुए विवाद में बदमाश ने अपने ही साढू की हत्या कर दी। घटना में दो अन्य लोगों को चोट लगी है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हत्या का आरोपी बनाया है। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस को यह भी जानकारी लगी है कि दोनों पक्षों में 15 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर भी विवाद हुआ था।

 

पुलिस के मुताबिक, मजदूर नगर शाहजहांनाबाद निवासी शेख रहीम उर्फ मुन्ने खान (45) आटो चालक थे। दो दिन पहले उनके बच्चों का पड़ोस में रहने वाले साढू लियाकत से विवाद हो गया था। लोगों की समझाइश पर दोनों पक्ष में सुलह हो गई थी। मंगलवार की रात करीब आठ बजे शेख रहीम लियाकत से अपने 15 हजार रुपए मांगने पहुंचा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि लियाकत अपने बेटे फरहान व दोस्त नासिर, अयूब उर्फ फैजान, जावेद के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। विवाद का शोर सुनकर शेख रहीम के परिवार वाले भी बीच-बचाव करने पहुंच गए। तभी लियाकत ने उनपर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से शेख रहीम मौके पर ही जमीन पर गिर गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में लियाकत, उसके बेटे फरहान, नासिर, जावेद, अयूब उर्फ फैजान पर हत्या का मामला दर्ज किया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। लियाकत का आपराधिक रिकार्ड है।

 

बताया गया कि लियाकत के बेटे फरहान ने शेख रहीम से 15 हजार रुपए लिया था। उनका भतीजा साकिर हुसैन फरहान से पैसा मांगने पहुंचा था। तभी फरहान पैसा देने को लेकर आनाकानी करने लगा। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। तभी शेख रहीम पहुंचकर दोनों को समझाने लगे। लेकिन, बात बिगड़ गई। दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में तीन लोग घायल हुए हैं।