दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन ने बीजेपी नेता के विवादित बयान पर दी चेतावनी

Author Picture
By Sharma Published On: November 28, 2021

गुना। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री बिसाहूलाल सिंह के विवादित बयान पर अब पूर्व CM दिग्विजय सिंह के बेटे विधायक जयवर्धन सिंह ने उन्हें चेतावनी दी है। जयवर्धन सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि आप हाथ पकड़कर घर से निकलने की बात करते हो, हमने आंख उठाने वालों को माफ नहीं किया है। जेव्ही ने यहां तक कहा कि जमीर नीलामी में पाए पैसे ने मंत्री का दिमाग खराब कर दिया है।

 

अनूपपुर में आयोजित एक सभा मे प्रदेश के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने अपने भाषण में कहा था कि – जितने बड़े-बड़े लोग हैं, ठाकुर-ठकार और दूसरे और बड़े लोग, वो अपने घर की औरतों को कोठरी में बंद करके रखते हैं। बाहर निकलने ही नहीं देते। जितने धान काटने वाले, आंगन लीपने वाले, गोबर फेंकने का काम हमारे गांव की महिलाएं करती हैं। उन्होंने कहा जब महिलाओं और पुरुषों का बराबर अधिकार है, तो दोनों को बराबरी से काम भी करना चाहिए। सब अपने अधिकारों को पहचानो और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करो। बड़े लोगों की महिला बाहर न निकले तो पकड़-पकड़कर उन्हें बाहर निकालो, तभी तो महिलाएं आगे बढ़ेगी।

 

मंत्री के बयान के बाद कांग्रेस उन पर हमलावर हो गयी है। कांग्रेस नेताओं सहित अन्य लोगों ने उनके बयान की आलोचना की है। साथ ही उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर निकालने की मांग की है। गुना की राघोगढ़ सीट से विधायक जयवर्धन सिंह ने ट्वीट कर उन्हें चेतावनी दी। जेव्ही ने उन्हें बिकाऊ भी बताया है। जेव्ही ने लिखा- आप हाथ पकड़कर घर से निकलने की बात करते हो, इतिहास गवाह है हमने आंख उठाने वालों को माफ नहीं किया है। जमीर नीलामी में पाए पैसे ने मंत्री का दिमाग खराब कर दिया है।