कर्ज से परेशान होकर पूरे परिवार ने की आत्महत्या

Author Picture
By Sharma Published On: August 24, 2022

इंदौर। इंदौर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर में परिवार के चार सदस्यों के शव मिले हैं। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल है। प्राथमिकी जांच में सामने आया है कि दंपति ने पहले अपने बच्चों की हत्या की फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को शहर के बाणगंगा इलाके में स्थित एक घर में परिवार के चार लोगों के शव मिले। मृतकों में अमित यादव (35), टीना यादव (31), तीन साल की बेटी याना और डेढ़ साल दिव्यांश यादव शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अमित यादव का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी टीना, बेटी याना और बेटे दिव्यांश का शव जमीन पर पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि मृतक के घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस टीम दरवाजा तोड़कर घर के अंदर पहुंची।

 

आशंका जताई जा रही है कि अमित ने पहले पत्नी और अपने दोनों बच्चों को जहर खिलाया फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें कर्ज के चलते परेशान होने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि अमित एक कंपनी से ऑनलाइन कर्ज लिया था, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। इसकी के चलते उसने पत्नी और बच्चों की हत्या कर खुदकुशी कर ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के सही कारण सामने आ सकेगा।