पटाखा के गोदाम में विस्फोट, तीन की मौत, सात घायल

Author Picture
By Sharma Published On: October 20, 2022

मुरैना। मुरैना में गुरुवार को पटाखों के गोदाम में विस्फोट हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। हादसा सुबह 11:30 बजे का बताया जा रहा है। विस्फोट काफी तीव्र था, जिसके चलते गोदाम ध्वस्त हो गया। इसी गोदाम में कुछ किराएदार रहते थे, जिनके मलबे में दबने की आशंका है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल घायलों को निकालने का काम जारी है। जानकारी के अनुसार पटाखा गोदाम बानमौर नगर में जैतपुर रोड पर स्थित है। गोदाम में विस्फोट होते ही अफरातफरी मच गई। विस्फोट इतना भयानक था कि पूरी बिल्डिंग ध्वस्त हो गई। गोदाम रिहायशी इलाके में था।

 

चंबल रेंज के आईजी राकेश चावला ने कहा कि बानमौर पुलिस स्टेशन इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ है। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है, वहीं एक लापता है। मलबे में दबने से सात लोग घायल हुए हैं। कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव कार्य जारी है।