ससुर, देवर, जेठ ने मिलकर महिला पर केरोसिन उड़ेलकर जिंदा जलाया

Author Picture
By Sharma Published On: March 19, 2023

भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में ससुर, जेठ और देवर ने मिलकर एक महिला पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। बुरी तरह झुलस गई महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार रात हुई इस घटना की शिकायत शनिवार को अस्पताल से पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

बैरसिया थाना पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय सोनम पत्नी देशराम यादव ग्राम कीटखेड़ी में परिवार के साथ रहती है। वह गृहणी है। उसका पति खेती-किसानी के साथ ही निजी काम भी करता है। सोनम व उसके पति का लंबे समय से ससुर देशराज यादव, जेठ नीरज यादव तथा देवर चैन सिंह यादव से संपत्ति विवाद चल रहा है। दो दिन पहले महिला का पति काम पर गया था। इसी दौरान तीनों आरोपितों ने महिला से बहस करना शुरू कर दिया। बात बढ़ने पर तीनों ने महिला को पकड़कर उस पर केरोसिन उड़ेला और आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। साथ ही उसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है।

 

हालांकि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। महिला के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपित ससुर देशराज यादव, जेठ नीरज यादव तथा देवर चैन सिंह यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है