भाजयुमो नेता की पार्टी में फायरिंग, दो लोग हुए घायल

Author Picture
By Sharma Published On: October 2, 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में शनिवार रात भाजयुमो नेता निशांत राय के फार्म हाउस पर उनको डबरा विधानसभा प्रभारी बनाए जाने और जन्मदिन के जश्न में गोलीबारी हो गई। जश्न के दौरान डांस करते में गन लोड करते समय अचानक गोली चल गई, जो दो लोगों के पैर को चीरते हुए निकली है। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। जिन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल के पैर से ज्यादा खून बहने से वह गंभीर घायल है। घटना उपनगर ग्वालियर के घासमंडी इलाके में भाजयुमो नेता के फार्म हाउस की है। फिलहाल रात तक कोई घायल थाने नहीं पहुंचा था। पुलिस गोली चलने की बात कह रही है, लेकिन रात तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी।

 

 

उपनगर ग्वालियर के घासमंडी में भाजयुमो नेता निशांत राय का फार्म हाउस है। हाल ही में निशांत राय को विधानसभा प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही उनके एक दोस्त का शनिवार को जन्मदिन था। भाजयुमो नेता के स्वागत और दोस्त के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। नाच गाना चल रहा था। इसी बीच कोई आकाश नाम के साथी ने अपनी राइफल निकाली और उसे चलाने के लिए कॉक (लोड) करने लगा। इसी समय अचानक लोड करते समय राइफल से गोली चल गई। गोली पास ही नाच रहे रिंकू गौर के घुटने को चीरते हुए पीछे खड़े कल्लू यादव के पैर में जा लगी है। गोलीबारी से वहां दहशत फैल गई। गोली लगने से घायल हुए रिंकू और कल्लू को तत्काल साथी लश्कर स्थित जनक अस्पताल लेकर पहुंचे हैं।

 

 

वहां उनका इलाज चल रहा है। रिंकू के पैर से खून ज्यादा बहने के कारण उसकी हालत गंभीर है, जबकि कल्लू खतरे से बाहर है। गोलीबारी की खबर मिलते ही पुलिस घासमंडी पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला है। पुलिस अफसरों ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले में ग्वालियर पुलिस के अफसरों का कहना है कि गोलीबारी हुई है। इसमें दो लोग घायल हुए हैं, लेकिन गोली किसने चलाई है यह पता नहीं चल सका है। पुलिस के पास कोई फरियादी नहीं आया है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर पड़ताल कर रही है।