पांच साल का मासूम बच्चा खौलते हुए पानी से झुलसा, हुई मौत 

Author Picture
By Sharma Published On: December 27, 2022

ग्वालियर। पांच वर्षीय मासूम बच्चे की खौलते हुए पानी से झुलनसे दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। बच्चा घर के अंदर ही खेल रहा था, उसके स्वजनों ने नहाने के लिए गरम पानी बाल्टी में रखा हुआ था। अचानक उसका पैर फिसला और बालटी से टकरा गया। इससे खौलता हुआ पानी उस पर आ गिरा, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया। उसे इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। यह हादसा जनकगंज इलाके का है। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।

 

जनकगंज पुलिस ने बताया कि माधोनगर इलाके में रहने वाले रवि कुमार के दो बच्चे थे। बड़ा बेटा नक्श करीब चार दिन पहलेे घर में खेल रहा था। घर में वाशरूम के पास ही गरम पानी से भरी बाल्टी रखी थी। अचानक बच्चे का पैर फिसला और बाल्टी से टकरा गया। जिससे खौलता हुआ पानी उस पर गिरा। इससे उसका शरीर झुलस गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 70 प्रतिशत शरीर झुलस गया था, संक्रमण लगातार बढ़ रहा था। इसके चलते उसकी हालत गंभीर होती जा रही थी। सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया है।