MP में कोहरे की चादर, इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

Author Picture
By Sharma Published On: January 16, 2022

भोपाल। मध्यप्रदेश के मंदसौर में रविवार सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। कई इलाकों में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी। सुबह से ही वाहन सड़कों पर हेड लाइट जलाएं रेंगते नजर आए। वहीं घने कोहरे की वजह से कुछ छोटे-मोटे हादसे भी शहर में दर्ज किए गए।

तापमान की बात करें तो भारी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। जिले में लगातार गिरते तापमान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और फसलों पर पाले पढ़ने की आशंका बढ़ गई है।किसानो को फसलों को पाले से बचाने के लिए कृषि वैज्ञानिकों ने सलाह दी कि वे फसलों की हल्की सिंचाई करें. साथ ही खेत की मेड भर धुआं भी करें।आज घने कोहरे के साथ शीतलहर का भी पूर्वानुमान है।

मध्य प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल सहित इंदौर, नरसिंहपुर, सिवनी, रतलाम, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, दतिया, गुना, शिवपुरी, निवाड़ी, छतरपुर और सागर जिले में शीतल लहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इन सभी जिलों में कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी।

शीतलहर के साथ कुछ जिलों में बारिश की संभावना भी जताई गई है। शहडोल, भोपाल, संभाग और बैतूल जिले में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. प्रदेश में कई जगहों पर हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। इसके चलते ठंड का असर भी बढ़ा है।