पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भाजपा सरकार पर लगाए ये आरोप

Author Picture
By Sharma Published On: May 23, 2023

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। सोमवार को पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सरकार पर आजीविका मिशन में भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

 

पूर्व मंत्री पटेल ने कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के जिए जिस राशि का प्रावधान किया जाता है, उस राशि का आजीविका मिशन के माध्यम से दुरुपयोग किया जा रहा है। पटेल ने कहा कि प्रदेश में आजीविका मिशन के तहत स्व सहायता समूह, पोषण आहार, स्कूल में मिलने वाले गणवेश, गौशाला और महात्मा गांधी ग्राम सेवा केंद्र में घोटाला किया जा रहा है। इसे भाजपा की सरकार संरक्षण दे रही है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में सिर्फ ठगने का काम हो रहा है। पटेल ने कहा कि आधे से ज्यादा स्व सहायता समूह खत्म हो गए या फिर निष्क्रिय हो गए।

 

 

उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह से 12 प्रतिशत से ज्यादा ब्याज न लेने के आरबीआई के निर्देश हैं। इसके उलट प्रदेश सरकार समूहों से 12 फीसदी ब्याज वसूल रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीब माताओं बहनों के साथ सरकार धोखा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि महिला स्व सहायता समूह का राजनीतिकरण किया जा रहा है। पटेल ने कहा कि आजीविका मिशन के सीईओ ललित मोहन बेलवाल लगातार बने रहते हैं, उनके खिलाफ एक आईएएस नेहा मारव्या की जांच के आरोप साबित होते हैं। इसके बावजूद वह भ्रष्ट अधिकारी भाजपा के खास होने के लिए चलते बचा लिए जाते हैं। उलटा मारव्या को ईमानदारी बरतने पर सजा दी जाती है।