एमपी में योजनाओं का गोल्डन मौका, जानें अंतिम तारीख

Author Picture
By Desk Input Published On: December 12, 2024

भोपाल। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को दो नए कार्यक्रमों की शुरुआत की। इनका उद्देश्य अधिक पात्र लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और राज्य के विकास कार्यों को गति देना है।

दो प्रमुख कार्यक्रमों की शुरुआत
1.जनकल्याण पर्व
2.मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान

दोनों कार्यक्रम दिसंबर से जनवरी तक अलग-अलग तिथियों में चलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के अवसर पर इनकी शुरुआत को विशेष संयोग बताया।

कार्यक्रमों के उद्देश्य
– जनकल्याण पर्व 11 से 26 दिसंबर के बीच आयोजित इस पर्व में विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी और पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन होगा।
– मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान 11 दिसंबर से 26 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में पात्र गरीब परिवारों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की पहचान की जाएगी। सर्वेक्षण के माध्यम से इन लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता
भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की:
-लाड़ली बहना योजना लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,572 करोड़ रुपये अंतरित किए।
-रसोई गैस भरवाने के लिए सहायता 350 करोड़ रुपये वितरित किए।
-सामाजिक सुरक्षा योजनाएं 55 लाख लाभार्थियों को 334.38 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की।

गीता पाठ का नया रिकॉर्ड
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भगवद्गीता के सबसे बड़े सामूहिक पाठ के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले 3,721 आचार्यों और वैदिक छात्रों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने गीता को गूगल पर सबसे अधिक खोजे जाने वाले ग्रंथों में शामिल बताते हुए इसे ज्ञान और प्रेरणा का स्रोत बताया। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ने लोगों को सलाह दी कि वे गीता का नियमित पाठ करें और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।