अवैध साहूकारों और सूदखोरों पर सरकार सख्त, सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Author Picture
By Sharma Published On: November 27, 2021

भोपाल। सूदखोरों के खिलाफ मध्य प्रदेश में सघन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सूदखोरों को खोजा जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भोपाल के आनंदनगर इलाके में गुरुवार रात एक परिवार के पांच लोगों द्वारा जहर पीने की घटना के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में सूदखोरी की घटनाओं के खिलाफ मुख्यमंत्री के तेवर सख्त दिखाई दिए।

 

 

उन्होंने साफ कहा कि सूदखोरों-साहूकारों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए। बता दें कि सूदखोरों के चंगुल में फंसे एक परिवार के पांच सदस्यों ने गुरुवार रात जहर पी लिया था। घटना में एक वृद्धा और उसकी एक पोती ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया था। शनिवार सुबह दूसरी पोती की सांसों की डोर भी टूट गई।

 

सीएम ने बैठक में साहूकारी अधिनियम, अनुसूचित जाति ऋण विनियम के प्रविधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सूदखोरों-साहूकारों द्वारा मनमाना ब्याज लिए जाने के कारण घटित गुरुवार की घटना हृदयविदारक और असहनीय है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि प्रदेशभर में सघन अभियान चलाएं और अवैधानिक रूप से सूदखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डा. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।