शहर से सटे जंगलों में शिकारी सक्रिय,पहले तेंदुआ और अब जाल में फंसा मिला लकड़बग्घा

Author Picture
By Sharma Published On: January 7, 2022

ग्वालियर। जिले के शहरी क्षेत्र के पास ग्रामीण इलाके के जंगलों में इन दिनों शिकारीयो का मूवमेंट ज्यादा सक्रिय हो रहा है। क्योंकि पिछले दिनों शहर के करीब ही नयागांव छोंड़ा क्षेत्र के जंगल में शिकारियों के चंगुल से छुड़ाए गए तेंदुए के बाद अब ठीक उसी की तरह घाटीगांव वन क्षेत्र से एक लकड़बग्घा शिकारियों के द्वारा बिछाए हुए जाल में फंसा मिला है।

 

पिछले दिनों घायल तेंदुए की तरह ही लकड़बग्घे के पैर में भी लोहे का सटका यानी एक तरह का पिंजरा बाएं पैर में फंसा हुआ मिला है। जिसके कारण वह भाग नहीं सकता था और लोहे के सटका से लकड़बग्घे का पैर भी घायल हो गया है।

दरअसल घाटीगांव वन परीक्षेत्र में ग्रामीणों ने इस घायल लकड़बग्घा को देखा था। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग और चिड़ियाघर प्रशासन को दी थी। जब वन विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें समझते देर नहीं लगी कि शिकारियों के जाल में फंसने से लकड़बग्घा घायल हुआ है। जिसके बाद लकड़बग्घे को चिड़ियाघर लाया गया। जहां उसके पैर का इलाज किया जा रहा है। वही भूखा होने के कारण उसे खाने के लिए मीट भी दिया गया है। डॉक्टरों के प्रारंभिक चेकअप के बाद बताया गया है कि लकड़बग्घा जल्द स्वस्थ हो जाएगा।