पति-पत्नी ने जमकर पी शराब, विवाद हुआ तो पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

Author Picture
By Sharma Published On: March 28, 2023

शहड़ोल। शहड़ोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में नशे में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि दोनों ने साथ में नशा किया था। बाद में किसी बात पर विवाद हुआ और पति ने गुस्से में पत्नी की हत्या कर दी।

शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के देवरा गांव की 60 वर्षीय मुन्नी बाई और उसके 54 वर्षीय पति नाना बाबू बैगा ने रोज की तरह खाना-पीना किया। फिर सोने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी पर किसी भारी चीज से कई बार वार किए। इससे पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद पति फरार हो गया।

सुबह मुन्नी बाई के घर में कोई आहट नहीं मिली तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने वहां जाकर देखा तो वहां मुन्नी बाई लहूलुहान पड़ी थी। जयसिंहनगर पुलिस को जानकारी दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पता चला है कि घटना के समय पति-पत्नी दोनों नशे में थे।

इस मामले में थाना प्रभारी विनय सिह गहरवार ने कहा कि पति ने ही पत्नी पर किसी वजनी चीज से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। हत्या की वजह क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी यह है कि पति-पत्नी नशे में थे और उनमें कोई विवाद हुआ था। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।