पत्नी का रास्ता रोककर पति ने चाकू से किया हमला

Author Picture
By Sharma Published On: February 28, 2023

ग्वालियर। ग्वालियर में बाजार जा रही पत्नी का रास्ता रोककर पति ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से पत्नी घायल हो गई है। पत्नी को चाकू से घायल करने के बाद आरोपी पति मौके से भाग निकला। घटना जनकगंज स्थित कृष्णा एन्क्लेव के पीछे की है। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पत्नी को उपचार के लिए भर्ती कराकर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। शहर के माधौगंज स्थित मामा का बाजार में रहने वाली रेनू राठौर का विवाह 26 अप्रैल 2016 को दीपक राठौर के साथ हुआ था। लेकिन 6 महीने बाद ही रेनू का पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। दहेज नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट भी करने लगा। दहेज की मांग और प्रताड़ना से तंग आकर रेनू ने अपने पति को छोड़ा और मायके चली गई थी। साथ ही रेनू ने अपने पति पर गुजारा भत्ता का मामला कोर्ट में लगा दिया, जिसके बाद से पति लगातार रेनू पर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहा था।

 

शाम को जब रेनू किसी काम से बाजार निकली थी और अभी वह कृष्णा इन्कलेव के पीछे पहुंची ही थी कि तभी उसका रास्ता दीपक ने रोका और गाली गलौज करने लगा। जब इसका विरोध रेनू ने किया तो पति ने उसकी मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से रेनू गंभीर रूप से घायल हो गई। हमला कर पति दीपक वहां से भाग निकला। राहगीरों ने घायल महिला को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना लगते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

जनकगंज थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि फोन पर सूचना मिली थी कि एक महिला को उसके पति ने रास्ते में चाकू से हमला कर दिया है। चाकू लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। सूचना मिलते ही थाने का बल मौके पर पहुंचा था लेकिन इससे पहले ही आरोपी वहां से भाग निकला। मामला दर्ज कर लिया है आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।