पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या, ये है पूरा मामला

Author Picture
By Sharma Published On: April 20, 2023

रतलाम। रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र के नया गांव में एक युवक ने आधी रात को घर में घुसकर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी बीच-बचाव करने आई अपनी सास पर भी उसने हमला कर दिया। इससे उसकी सास गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला करने के बाद आरोपित युवक भाग निकला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय मानकुंवर बाई पत्नी हीरा सिंह निवासी ग्राम सालाखेड़ी पिछले करीब एक वर्ष से स्थानीय नया गांव में स्थित अपने मायके में मां धन्नाबाई के साथ रह रही थी। बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात 2:30 से 3:00 के बीच आरोपित हीरा सिंह अपने ससुराल पहुंचा और टापरी (मकान) की छत का पतरा हटाकर घर में घुस गया।

 

इसके बाद उसने पत्नी मानकुंवर बाई से विवाद किया और उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इससे पत्नी मानकुंवर बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। सास धन्नाबाई बीच-बचाव करने आई तो उस पर भी हमला किया। इससे सास भी गंभीर रूप से घायल हो गई। सास पर हमला करने के बाद वह बाहर निकला और भागने लगा।

 

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सास धन्नाबाई को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। मानकुंवर बाई का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया गया है। पुलिस सूचना मिलने पर घटना स्थल व अस्पताल पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार आरोपित की तलाश की जा रही है।