पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर की महिला की हत्या

Author Picture
By Sharma Published On: September 27, 2022

उमरिया। उमरिया जिले में महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच के बाद पता चला कि पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर महिला की हत्या की है। दोनों साथ में रहना चाहते थे, इसलिए उसे रास्ते से हटा दिया। पुलिस को भटकाने के लिए शव से मंगलसूत्र और कान की बाली निकाल ली थी, ताकि लूट के इरादे से हत्या करना लगे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मामला उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड एक सूखा टोला का है। पुलिस ने बताया कि यहां 23 सितंबर को एक महिला की लाश मिली थी। उसकी पहचान ग्राम सूखा निवासी बिंदु पति रामकृष्ण पासी के रूप में की गई थी। उसका मंगलसूत्र और कान की बाली गायब थी। पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतका के पति रामकृष्ण पासी का मोहल्ले के समीप की वंदना कोल नामक महिला से बीते चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था और ये दोनों एक साथ रहना चाहते थे। पुलिस ने शक के आधार पर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सब बता दिया। उसका कहना था कि वह वंदना कोल के साथ रहने चाहता था, लेकिन बिंदु रास्ते का कांटा बन रही थी। वंदना और रामकृष्ण ने सुनियोजित तरीके से महिला की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है साथ ही दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।