कमलनाथ बोले- बंद होगी लाड़ली बहना योजना, आगे क्या कहा पढ़िए पूरी खबर

Author Picture
By Desk Input Published On: February 19, 2025

भोपाल। कांग्रेस ने एक बार फिर लाड़ली बहना योजना के बंद होने की आशंका जताई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार चुपचाप इस योजना को बंद करना चाहती है। उन्होंने कहा, भाजपा ने चुनावी फायदे के लिए महिलाओं को सम्मान राशि दी, लेकिन अब चुनाव जीतने के बाद उनकी अनदेखी कर रही है।

तीन लाख महिलाओं को किया बाहर – कमलनाथ
कमलनाथ ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में 3 लाख महिलाओं को लाड़ली बहना योजना से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समग्र पोर्टल से महिलाओं के नाम जानबूझकर डिलीट किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार एक साजिश के तहत महिलाओं को अपात्र बना रही है। कांग्रेस इस षड्यंत्र को हर स्तर पर उजागर करेगी।

योजना को धीरे-धीरे बंद करने का आरोप
कमलनाथ ने यह भी कहा कि सितंबर 2023 से फरवरी 2025 तक लाभार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगर मालवा और बैतूल जिलों के कलेक्टरों ने भी इस मुद्दे पर पत्र लिखा है।

पत्र में कहा गया है कि समग्र पोर्टल से नाम हटने और आधार से डी-लिंक होने की वजह से कई महिलाएं योजना से वंचित हो रही हैं।

भाजपा के वादों पर सवाल
कमलनाथ ने याद दिलाया कि चुनाव से पहले भाजपा ने महिलाओं को ₹3000 प्रति माह देने का वादा किया था, लेकिन अब इसे पूरा करने के बजाय महिलाओं को अयोग्य घोषित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, कांग्रेस इस मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी और भाजपा की साजिश को उजागर करेगी।