भोपाल में एक ही परिवार के 5 लोगों ने खाया जहर, दो की मौत,ये है मामला

Author Picture
By Sharma Published On: November 26, 2021

भोपाल। राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में स्‍थित आनंद नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों द्वारा जहर खाकर खुदकुशी के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बुधवार रात की है। इन सभी को पटेल नगर स्‍थित गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्‍ची और उसकी दादी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पिपलानी थाना प्रभारी अजय नायर मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक तंगी की वजह से परिवार द्वारा सामूहिक आत्‍महत्‍या का प्रयास किया गया।

 

 

जानकारी के मुताबिक परिवार के मुखिया संजीव जोशी, उनकी पत्नी अर्चना जोशी और संजीव जोशी की मां नंदिनी जोशी बड़ी बेटी ग्रेसिया जोशी और छोटी बेटी पूर्वी जोशी ने जहर खाया था। संजीव पेशे से कार मैकेनिक है, जबकि उसकी पत्‍नी किराने की दुकान चलाती है।

 

 

रात में पुलिस को इंटरनेट मीडिया के जरिए इस मामले की जानकारी लगी थी। देर रात को इन सभी को गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह पूर्वी जोशी की मौत हो गई। दोपहर में नंदिनी जोशी की भी सांसों की डोर टूट गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बबली नामक एक महिला परिवार को धमका रही थी। गुरुवार शाम को भी उसने जोशी परिवार को धमकाते हुए उनके साथ गाली-गलौज की थी।