कैलाश विजयवर्गीय बोले- मध्यप्रदेश में भाजपा ही भाजपा को हरा देगी

Author Picture
By Sharma Published On: May 5, 2023

इंदौर। भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि मप्र में भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही हरा सकती है। यदि हमने संगठन की गलतियां ठीक नहीं कीं तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी। उनका यह बयान उस वक्त आया है जब मप्र में भाजपा अपने ही नेताओं को मनाने में लगी है। हाल ही में मध्यप्रदेश में पूर्व मंत्री दीपक जोशी, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन और पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत के बगावती तेवर से भाजपा में सियासत गरमा गई है।

 

 

विजयवर्गीय ने एक समाचार कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस में दम नहीं कि वह भाजपा को हरा सके। यह बात सही है कि हममें कुछ कमियां हैं, हम उनको ठीक कर रहे हैं। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि आज की तारीख में मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ही जीतेगी।

 

 

नाइट कल्चर के नाम पर हो रहे गलत काम रोकना होंगे

इस दौरान विजयवर्गीय ने नाइट कल्चर पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नाइट कल्चर के नाम पर जो नशा हो रहा है और संस्कृति विकृति में बदल रही है, उसका हमने विरोध किया है और करते रहेंगे। हम भी पहले खानपान के लिए जाते थे। राजबाड़ा स्थित अन्ना की पान की दुकान पर दरवाजा ही नहीं था। हम वहां जाकर पान-गुटखा खाते थे। जब पीएससी की तैयारी कर रहे थे तो स्टेशन पर पोहे खाने जाते थे। रात 2 बजे सराफा बंद हो जाता था तो सीधे स्टेशन चले जाते थे। इंदौर के हर नागरिक ने इन जगहों का आनंद लिया है। अब नाइट कल्चर के नाम पर जो भी हो रहा है वह गलत है और उसे रोकना ही होगा।