लिव इन में रहे रही बैंक असिस्टेंट ने किया सुसाइड, ये है मामला

Author Picture
By Sharma Published On: February 24, 2022

इंदौर। इंदौर में बैंक ऑफ न्यूयॉर्क की असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट ने फांसी लगा ली। वह पुणे में पदस्थ थीं। वो लसूड़िया थाना क्षेत्र में शालीमार टाउनशिप में लिव इन में रह रही थीं। जानकारी के अनुसार महिला का दो दिन पहले लिव इन पार्टनर से विवाद हुआ था। लिव इन पार्टनर के अनुसार दोनों में अकसर विवाद होता रहता था। पुणे जाने की बात काे लेकर भी दोनों में विवाद हुआ था।

थाना प्रभारी इंद्रमणि पटेल ने बताया कि बुधवार देर रात शगुन सचदेवा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शगुन मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली थीं। वह इंदौर के अक्षय भाटिया के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थीं। दो दिन पूर्व शगुन और अक्षय के बीच पुणे चलने की बात पर विवाद हुआ था। दोनों के बीच इसी बात पर बुधवार रात भी कहासुनी हुई। इससे नाराज होकर अक्षय दूसरे कमरे में सोने चला गया। परिवार के अन्य लोग भी दूसरे कमरों में सो रहे थे। देर रात शगुन ने अपने कमरे में फांसी लगा ली।

घटना के बाद पुलिस ने दिल्ली में रहने वाले शगुन के पिता को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी। इस पर महिला के पिता ने कहा कि अक्षय और शगुन हमेशा लड़ाई करते रहते थे। उन्होंने दोनों को कई बार समझाने की कोशिश भी की, लेकिन बाद में शगुन के पिता ने इस बारे में दोनों से बोलना छोड़ दिया था।

पुलिस को दिए बयानों में अक्षय ने बताया कि वह वर्तमान में कोई कार्य नहीं करता है, लेकिन लंबे समय से खुद का बिजनेस सेटल करने के लिए प्रयासरत है। वहीं शगुन उसे पुणे ले जाना चाहती थी। जिस बात से वह नाराज था। उसका कहना था कि वह अपने माता-पिता को छोड़कर कहीं नहीं जाएगा। इस बात को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बनती थी।