दलित विरोधी घटनाओं पर मल्लिकार्जुन खरगे ने शिवराज सरकार को घेरा, लगा दिए ये आरोप

Author Picture
By Sharma Published On: July 24, 2023

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधा। खरगे ने हाल ही में मध्य प्रदेश में सामने आई दलित विरोधी घटनाओं का जिक्र करते हुए ट्वीट किया। खरगे ने लिखा मध्य प्रदेश में एक महीने में ही दलित-आदिवासी अत्याचार की दूसरी बेहद निंदनीय व पीड़ादायक वारदात हुई है, जो मानवता को शर्मसार कर देने वाली है।

 

ट्वीट ने आगे लिखा, “NCRB Report (2021) के मुताबिक, भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है। आदिवासियों के खिलाफ सबसे अधिक अपराध हुए हैं, हर दिन 7 से ज्यादा अपराध हुए हैं। मध्य प्रदेश के हमारे दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के नागरिक दशकों से भाजपाई कुशासन में अपमान का घूंट पी रहे हैं। भाजपा का सबका साथ, केवल विज्ञापनों में सिमटकर, एक दिखावटी नारा और PR Stunt बनकर रह गया है।

 

भाजपा, हर दिन बाबासाहेब अंबेडकर जी के सामाजिक न्याय के सपने को चूर-चूर कर रही है। हम मांग करते हैं कि छतरपुर जिले की इस घटना पर कठोर से कठोर कार्रवाई हो।

 

मध्य प्रदेश में दलितों के खिलाफ अत्याचार की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। खरगे ने जिस घटना का जिक्र किया है, वो शिवपुरी की है। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बरखाड़ी में गांव के पांच लोगों ने दो युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उनका जुलूस निकाला और उन्हें मैला खिलाया था। कलेक्टर ने मामले के पांच आरोपितों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की है।