मनचले ने कोचिंग से लौट रही छात्रा के साथ की अश्लील हरकत

Author Picture
By Sharma Published On: December 10, 2022

जबलपुर। कोचिंग से घर लौट रही 10वीं की छात्रा से मनचले ने छेड़छाड़ की। छात्रा ने विरोध किया तो उसने चाकू से हमला कर दिया। छात्रा के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। घटना जबलपुर में 7 दिसंबर को हुई है। इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया। छात्रा के मोहल्ले में रहने वाले मनचले ने उसका रास्ता रोक लिया था। वह उससे छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा ने जब विरोध किया तो उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

छात्रा के पिता ने बताया कि आरोपी उनके मोहल्ले का ही रहने वाला है। इससे पहले भी उसने कई बार परेशान किया है। विक्रम को पहले समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माना। आए दिन छेड़छाड़ करता था। हालांकि थाने में शिकायत तो नहीं की। सोचा- सुधर जाएगा। ऐसे शख्स को सख्त सजा दी जाए, जिससे कोई भी बदमाश ऐसी घटना नहीं करे।

छात्रा को चाकू मारने वाली पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी ने छात्रा से बात करने की कोशिश की। छात्रा मना करते हुए आगे चल देती है। आरोपी उसका पीछा करता है और फिर उसे चाकू मार देता है। इसके बाद आरोपी भाग जाता है। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी आ जाते हैं।

छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। पुलिस उसे तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को मदन महल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वह भागने की फिराक में था। एएसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि आरोपी के साथ नाबालिग लड़का भी था। उससे भी पूछताछ की जा रही है। घटना के मद्देनजर गश्त और बढ़ाई जाएगी।